आईपीएल के आगामी सीज़न के लिए सभी 8 टीमों ने अपनी तैयारी करना शुरू कर दी है| इसी बीच पिछले कुछ समय से खराब प्रदर्शन के कारण आलोचनाओं का सामना कर रही दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम ने अपना नाम परिवर्तन कर लिया है| मंगलवार शाम को दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में नए नाम की घोषणा की गई| दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम अब दिल्ली कैपिटल्स के नाम से जानी जाएगी|
दिल्ली कैपिटल्स नाम का आइडिया यूबीए (बास्केटबॉल) लीग से लिया गया है, जहां इस नाम की टीम पहले से मौजूद है| वहीं अमरीका में वॉशिंगटन कैपिटल्स नाम की आईस हॉकी टीम है, जो नेशनल हॉकी लीग में खेलती है| दिल्ली डेयरडेविल्स के नए साझेदार जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स, फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ने के बाद से ही कुछ बदलाव करने के इच्छुक थे| वर्ष 2018 के सीजन में आखिरी पायदान पर रहने के बाद से ही टीम प्रबंधन ने नाम बदलने पर विचार कर लिया था|
वर्ष 2018 में दिल्ली की टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था| सीज़न की शुरुआत में टीम की कमान गौतम गंभीर को सौंपी गई थी, लेकिन उन्होंने बीच में ही कप्तानी छोड़ दी थी, जिसके बाद टीम की कमान युवा खिलाड़ी श्रेयस अय्यर को दी गई थी|
गौरतलब है कि वर्ष 2019 में होने वाले आईपीएल के लिए क्रिकेटप्रेमियों की उत्सुकता बढ़ती जा रही है| आईपीएल 12 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 18 दिसम्बर को होगी| इस बार नीलामी बेंगलुरू की जगह जयपुर में होगी| इसमें सिर्फ 70 खिलाड़ियों को जगह दी गई है, जिसमें 50 भारतीय और 20 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं| आठ टीमों के पास नीलामी में बोली लगाने के लिए कुल 145 करोड़ 25 लाख रुपए की रकम है|
