देशभर में दलित विवाद को लेकर जहां सरकार कई वादे कर रही है वहीं मध्यप्रदेश में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है| मध्यप्रदेश में कांस्टेबलों की भर्ती के दौरान बेहद शर्मनाक वाकया हुआ| भर्ती प्रक्रिया के दौरान एससी-एसटी अभ्यर्थी भी शामिल थे| अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान आरक्षित वर्ग में चयनित अभ्यर्थियों के सीने पर एससी-एसटी लिख दिया गया| हालांकि मामला बढ़ने पर राज्य के गृहमंत्री भूपेंद्रसिंह ने जांच के आदेश दिए हैं|
इस संबंध में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ट्वीट किया है|
BJP सरकार के जातिवादी रवैये ने देश की छाती पर छूरा मारा है। MP के युवाओं के सीने पर SC/ST लिखकर देश के संविधान पर हमला किया है।
ये BJP/RSS की सोच है। यही सोच कभी दलितों के गले में हांडी टंगवाती थी, शरीर में झाडू बंधवाती थी, मंदिर में घुसने नहीं देती थी। हम इस सोच को हराएँगे। pic.twitter.com/ycqt1nEp0E
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) April 30, 2018
बता दें कि मध्यप्रदेश के धार जिले में नवआरक्षकों यानि कांस्टेबल के स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान यह शर्मनाक घटना हुई है| जिले में पिछले दिनों आरक्षकों की भर्ती का अभियान चला था| उसी भर्ती अभियान में चयनित अभ्यर्थियों का आजकल जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण चल रहा है| अभ्यर्थियों की पहचान के लिए जिला अस्पताल ने बेहद आपत्तिजनक तरकीब निकाली| आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के सीने पर ही उनका वर्ग दर्ज कर दिया गया है|
राज्य गृहमंत्री ने बाद में ट्वीट के जरिये कहा कि हमें इस विवादास्पद घटना की जानकारी मिली है और उन्होंने तत्काल जांच के आदेश दिए|
धार में आरक्षकों की भर्ती में उत्पन्न हुई विवादास्पद स्थिति की जानकारी मिली है। इस मामले की वस्तुस्थिति जानने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
— Bhuppendra Siingh (@bhupendrasingho) April 29, 2018
