कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि यदि वर्ष 2019 में भाजपा की जीत होती है तो भारत ‘हिंदू पाकिस्तान’ बन जाएगा| भाजपा नया संविधान लिखेगी, जो भारत को पाकिस्तान जैसे मुल्क में बदलने का रास्ता साफ़ करेगा|
दरअसल, शशि थरूर ने यह बयान उस वक्त दिया, जब वे तिरुवनंतपुरम में एक सभा को संबोधित कर रहे थे| उन्होंने कहा कि 2019 में भाजपा जीती तो संविधान को तहस-नहस कर देगी और एक ऐसे संविधान का निर्माण करेगी, जो सिर्फ हिंदू हितों की रक्षा करेगा| इस नए संविधान में अल्पसंख्यकों के अधिकारों का कोई सम्मान नहीं होगा|
उन्होंने कहा, “यदि वे( भाजपा) एक बार फिर लोकसभा चुनाव जीतते हैं तो हमारा लोकतांत्रिक संविधान खत्म हो जाएगा क्योंकि उनके पास भारतीय संविधान की धज्जियां उड़ाने और एक नया संविधान लिखने वाले सारे तत्व हैं| यह वो भारत नहीं होगा, जिसके लिए महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आज़ाद और बाकी स्वतंत्रता सेनानियों ने संघर्ष किया था|”
थरूर के इस बयान का भाजपा अध्यक्ष सहित कई नेताओं और प्रवक्ताओं ने विरोध किया है| अमित शाह की ओर से कहा गया है कि इस बयान के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी माफी मांगे| वहीं भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने ट्वीट कर कहा, “कांग्रेस भारत को नीचा दिखाने और हिंदुओं को बदनाम करने का कोई मौका नहीं गवांती है| पाकिस्तान के निर्माण के लिए कांग्रेस जिम्मेदार थी और एक बार फिर वह भारत को नीचा दिखाने और देश के हिंदुओं को बदनाम करने का काम कर रही है| बेशर्म कांग्रेस भारत को नीचा दिखाने और हिंदुओं को बदनाम करने का कोई भी मौका नहीं गवांती है| हिन्दू आतंकवादियों’ से लेकर ‘हिन्दू-पाकिस्तान’ तक…कांग्रेस की पाक को खुश करने वाली नीतियों का कोई जवाब नहीं है!”
MR Sashi Tharoor says India will become “Hindu-Pakistan” if BJP returns to power in 2019!
Shameless @INCIndia doesn’t lose any opportunity to demean India & defame the Hindus!
From “Hindu terrorists” to “Hindu-Pakistan” the Pak appeasing policies of Cong are unparalleled!— Sambit Patra (@sambitswaraj) July 11, 2018
