महाराष्ट्र-हरियाणा राज्यों के चुनाव नतीजे इस बार किसी भी एक पार्टी के पक्ष में नहीं दिखाई दिए। इस बार दोनों ही राज्यों में भारतीय जनता पार्टी को पिछले चुनाव की अपेक्षा बेहद कम सीट हासिल हुई। इस चुनाव परिणाम के बाद गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने जनता का आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा मुख्यालय से पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “मैं सबसे पहले दिवाली का आरंभ होने से पूर्व ही महाराष्ट्र और हरियाणा की जनता ने भाजपा और हमारे साथियों के प्रति जो विश्वास जताया है, जो आशीर्वाद दिए हैं इसके लिए मैं उनका अंत:करण से अभिनंदन करता हूं, उनका साधुवाद करता हूं।”
#WATCH Delhi: Prime Minister Narendra Modi addresses BJP workers at the party headquarters. https://t.co/akp0vOuOfP
— ANI (@ANI) October 24, 2019
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन को आगे बढ़ाते हुए सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “भाजपा महाराष्ट्र इकाई और भाजपा हरियाणा इकाई के सभी पदाधिकारी, सभी कार्यकर्ता, उन्होंने भी जनता का विश्वास जीतने में अथाह प्रयास किया, लोगों के आशीर्वाद प्राप्त किए, उनका भी बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।” प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले चुनाव में जो परिणाम थे इस बार उससे कम सीटें मिली हैं। लेकिन दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने जो कार्य किए हैं और जनता की जो सेवा की है, इसी वजह से जनता ने दोबारा उन पर भरोसा जताया है। पीएम मोदी ने आगे कहा, “महाराष्ट्र में हमें गत चुनाव में पूर्ण बहुमत नहीं मिला था, हरियाणा में सिर्फ 2 सीटों का बहुमत था। इसके बावजूद भी दोनों मुख्यमंत्रियों ने सबको साथ लेकर दोनों राज्यों की जो सेवा की और अविरत कार्य करते रहे। ये उसी का परिणाम है कि उनपर जनता ने दोबारा अपना विश्वास जताया है।”
दोनों राज्यों के परिणाम पर पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा समय में ऐसे हालात हैं कि कोई भी मुख्यमंत्री अपने 5 वर्षों का कार्यकाल ही पूरा नहीं कर सकता। ऐसे में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar) 5 वर्ष तक मुख्यमंत्री के रूप में लगातार कार्य करते रहे। दोनों ही राज्यों में यह अभूतपूर्व विजय है क्योंकि ऐसे वातावरण में दोबारा सबसे बड़े दल के रूप में विश्वास और आशीर्वाद प्राप्त करके आना बहुत बड़ी बात है। पीएम मोदी ने कहा, “महाराष्ट्र में गत 50 वर्ष में एक भी मुख्यमंत्री लगातार पूरे 5 वर्ष तक सेवा नहीं कर पाया। 5 वर्ष तक मुख्यमंत्री के रूप में लगातार कार्य करने का काम 50 वर्ष बाद देवेंद्र जी ने किया। भाजपा और शिवसेना ने मिलकर के 5 साल तक महाराष्ट्र में स्थिर शासन दिया और इस बार भी इस गठबंधन को महाराष्ट्र की जनता ने विजयी बनाया।”
पीएम मोदी ने आगे कहा कि, “मैं हरियाणा और महाराष्ट्र के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि हम उनकी सेवा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। देवेंद्र जी और मनोहर जी की टीम को अनेक-अनेक शुभकामनाएं देता हूं। देशवासियों को इस तोहफे के लिए प्रणाम करता हूं। दिवाली की अनेक-अनेक शुभकामनाएं देता हूं।”
Prabhat Jain
