मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश में भारी बारिश के लिए चेतावनी जारी की है और लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा है| मध्यप्रदेश में मानसून सक्रिय है| पिछले कई दिनों से कहीं बूंदाबांदी तो कहीं बाढ़ जैसे हालात हैं| प्रदेश में बारिश से कई लोग जान गवां चुके हैं|
मौसम विभाग के ट्वीट को आगे बढ़ाते हुए सीएम ने अगले 48 घंटों में भारी वर्षा की आशंका जताई है| उन्होंने एक ट्वीट के जरिये लोगों को आगाह किया| उन्होंने लिखा है कि यदि किसी स्थान पर विषम परिस्थिति बनती है तो लोग क्षमता अनुसार वहां मदद करें|
सीएम का ट्वीट
प्रदेश में मानसून सक्रिय है और अगले 48 घंटों में भारी वर्षा की आशंका बताई जा रही है, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। हमारी तैयारी है और आप भी सतर्क रहें। यदि कोई विषम परिस्थितियों में दिखे तो क्षमता अनुसार उनकी मदद करें। https://t.co/YHs2pzUMz4
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) July 9, 2018
मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश होने की आशंका जताई है, जिनमें बालाघाट, बैतूल, भोपाल, दमोह, होशंगाबाद, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, खरगोन, मंडला, रायसेन, रतलाम, सागर, सिवनी, उज्जैन, उमरिया और विदिशा शामिल हैं| मौसम विभाग के अनुसार, कई स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है| इसके अलावा इनके आसपास वाले स्थानों में भी भारी बारिश हो सकती है| मौसम विभाग के मुताबिक लगभग पूरे प्रदेश पर सिस्टम बना है, जिससे अच्छी बारिश के आसार हैं|

1 Comment
Pingback: Mumbai : Passenger, stranded in the rain | Talentedindia