मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद से ही ईवीएम का मुद्दा गरमाया हुआ है। जहां कांग्रेस इसे लेकर आरोप लगा रही है वहीं भाजपा इसे कांग्रेस की बौखलाहट बता रही है। इसी बीच अब प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने ईवीएम को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। ईवीएम पर बुधवार को मुख्यमंत्री ने बयान दिया और कांग्रेस पर तंज कसा।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कैबिनेट बैठक के बाद भोपाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस पत्रकारवार्ता में वे कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि मतदान के दिन से ही कांग्रेस गलत बयानबाजी कर रही है और हार के डर से बौखलाकर ईवीएम में गड़बड़ी का अभियान चला रही है।
इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस हार से घबरा रही है इसलिए इसका ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ने की तैयारी कर रही है। मतदान के दिन 3 बजे ही ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चुनाव आयोग को चिठ्ठी लिख दी थी और ईवीएम में छेड़छाड़ की शिकायत शुरू कर दी थी। कांग्रेस की नज़र में पुलिस, अफसर और चुनाव आयोग, सब बेईमान हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था है। ऐसे में कांग्रेस आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठा रही है।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव आयोग ने तो उलटे भाजपा के खिलाफ सख्ती की। इसके लिए उन्होंने मतदान से एक दिन पहले हुई एक घटना का जिक्र किया कि कैसे चुनाव आयोग ने आचार संहिता का हवाला देकर उन्हें अपने एक कार्यकर्ता के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं दी।
ये कोई गुड्डे-गुड़ियों का खेल नहीं
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि, कांग्रेस चुनाव को मजाक बनाने की कोशिश कर रही है। वो बार-बार ईवीएम में छेड़छाड़ की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि, ईवीएम में छेड़छाड़ करना कोई गुड्डे-गुड़ियों का खेल नहीं है, जो इतनी आसानी से हो जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे प्रशासन को दबाव में लाने का प्रयास कर रहे हैं। हमने कर्तव्यों की पूर्ति की है और लगातार करते रहेंगे। अपने कर्तव्यों का निर्वाह करने के लिए चुनाव परिणाम का इंतजार करें, हम इतने स्वार्थी नहीं।

2 Comments
Pingback: Madhya Pradesh Assembly Elections: चुनाव परिणाम से पहले ईवीएम हैकर गिरफ्तार
Pingback: EVM On Highway In Rajasthan : लावारिस EVM मिलने से खलबली