मशहूर फिल्ममेकर महेश भट्ट की फिल्म ‘जलेबी’ और गोविंदा स्टारर फिल्म ‘फ्रायडे’ का ट्रेलर रिलीज़ किया जा चुका है| अभिषेक डोगरा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘फ्रायडे’ का ट्रेलर रविवार को जारी किया गया था| वहीं फिल्म ‘जलेबी’ का ट्रेलर सोमवार को जारी किया गया| दोनों ही फिल्में 12 अक्टूबर को रिलीज़ होने वाली हैं| महेश भट्ट की फिल्म समस्याओं और कशमकश के बीच ज़िंदगी जीने पर आधारित है, वहीं ‘फ्रायडे’ एक कॉमेडी फिल्म है|
देखें फिल्म ‘जलेबी’ का ट्रेलर
देखें फिल्म ‘फ्रायडे’ का ट्रेलर
फिल्म ‘फ्रायडे’ के ट्रेलर में गोविंदा पुराने अंदाज में नज़र आ रहे हैं| इसी के साथ फिल्म में वरुण शर्मा भी मजेदार लग रहे हैं| फिल्म ‘फ्रायडे’ में वरुण शर्मा का किरदार गोविंदा के साले का है, जो एक असफल सेल्समैन है। वहीं गोविंदा का रोल एक थिएटर आर्टिस्ट का है, जिसका दूसरी लड़की से अफेयर चल रहा है| पत्नी के घर से जाने पर गर्लफ्रेंड आती है, लेकिन कुछ ही देर में उनका साला भी घर पहुंच जाता है और फिर दिखाई देता है कहानी का कॉमिक ट्विस्ट|
निर्देशक अभिषेक डोंगरा की फिल्म ‘फ्रायडे ‘ में गोविंदा और वरुण शर्मा के अलावा संजय मिश्रा और बृजेन्द्र काला जैसे बेहतरीन कलाकार भी नज़र आएंगे| यह फिल्म पहले मई 2018 में रिलीज़ होनी थी, लेकिन अब इसे 12 अक्टूबर को रिलीज़ किया जाएगा|
वहीं फिल्म ‘जलेबी’ की बात करें तो इस फिल्म में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और वरुण मित्रा की जोड़ी नज़र आ रही है, जो एक-दूसरे के साथ फिल्म के ट्रेलर में काफी अच्छे लग रहे हैं| ट्रेलर में दिखाई गई कहानी की झलक के अनुसार, रिया चक्रवर्ती दिल्ली घूमने आती हैं और उनके गाइड हैं वरुण मित्रा| बेहद मस्तमौला अंदाज वाली रिया को वरुण से प्यार हो जाता है और वह खुद उन्हें आगे से प्रपोज़ करती हैं|
फिल्म का निर्देशन पुष्पदीप भारद्वाज कर रहे हैं| ‘जलेबी’ 12 अक्टूबर को रिलीज़ होने जा रही है| इससे पहले जन्माष्टमी के मौके पर इन दोनों फिल्मों के पोस्टर जारी किए गए थे|
