छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव काफी दिलचस्प होने वाले हैं। हाल ही में कांग्रेस की टी-शर्ट वॉर के बाद अब भाजपा और कांग्रेस ने नारेबाजी कर एक-दूसरे पर हमले करना का एक नया तरीका अपनाया है।
12 का 12 लक्ष्य हमारा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि हमें विरासत में नक्सलवाद की समस्या मिली है। हम छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद की विदाई करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि हमें अपने कार्यों का विस्तार शक्ति केंद्रों व बूथों तक करना है। हमें हर एक मिनट का उपयोग करना है। कौशिक के बस्तर की सीटों को जीतने के लिए भी एक नया नारा दिया, उन्होंने कहा कि ”12 का 12, लक्ष्य हमारा, 12 का 12 सारा हमारा।” गौरतलब है कि बस्तर की सभी 12 सीटों पर भाजपा की ऩजरें टिकाए बैठी है।
कांग्रेस का पलटवार
भाजपा के नारा देने के बाद कांग्रेस भी कहां पीछे रहने वाली थी। कांग्रेस ने पलभर की देरी नहीं लगाई। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी शैलेष नितिन त्रिवेदी ने भाजपा के नारे के जवाब में कांग्रेस की तरफ से नया नारा दिया।
”सुनहरा गौरव बस्तर हमारा
अब भाजपा का बजेगा बारा
कितना भी लगा लो आप नारा
कांग्रेस के साथ है बस्तर सारा।”
शैलेष ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि बस्तर क्या पूरे प्रदेश की जनता भाजपा से ऊब चुकी है। बस्तरवासियों को न भाजपा से उम्मीद बची है और न ही सरकार से कोई आस। पूरी प्रदेश की जनता कांग्रेस को उम्मीद की नज़रों से देख रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ नारों पर यकीन करती है, उनका हकीकत से कोई वास्ता नहीं है। इस बार बस्तर से भाजपा का सूपड़ा साफ होना तय है।
