मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी में फेरबदल किया गया है। मानक अग्रवाल को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी से कार्यमुक्त किया गया है। मानक की जगह पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष शोभा ओझा को मीडिया प्रभारी की की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मानक अग्रवाल ने विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है और उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की हरी झंडी मिल चुकी है। इसके साथ ही पहली बार मीडिया विभाग में दो उपाध्यक्ष अभय दुबे और भूपेंद्र गुप्ता की नियुक्ति की गई है। प्रदेश कांग्रेस में एक-दो नेताओं को और हटाने पर भी विचार चल रहा है।
लड़ा था चुनाव
शोभा ओझा चार साल तक महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष रही हैं। वे अभी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता टीम में भी हैं। उन्होंने इंदौर से पांच नंबर विधानसभा से चुनाव लड़ा था, जिसमें वे हार गई थीं।
पांच लोगों को सौंपी जिम्मेदारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रभार संभालते ही पांच लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी। मानक अग्रवाल को मीडिया प्रभारी, चंद्रप्रभाष शेखर को संगठन प्रभारी उपाध्यक्ष, राजीव सिंह को महामंत्री प्रशासन, गोविंद गोयल को कोषाध्यक्ष और पीसीसी अध्यक्ष का मीडिया प्रभारी नरेंद्र सलूजा को बनाया था।
मिल रही थी शिकायत
मानक अग्रवाल के कार्य को लेकर कांग्रेस नेताओं में नाराज़गी थी और उनके खिलाफ लगातार शिकायतें भी मिल रही थीं। इसके साथ कमलनाथ भी उनके काम को लेकर सार्वजनिक रूप से असंतोष जाहिर कर चुके हैं। वहीं अग्रवाल का कहना है कि उन्होंने खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से मिलकर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी और मीडिया प्रभार की जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया था।
यह खबर भी पढ़े – किन्नर विधायक को चाहिए कांग्रेस का साथ
यह खबर भी पढ़े – विधानसभा चुनाव: रुठे नेताओं को मनाएगी कांग्रेस
यह खबर भी पढ़े – जीतू पटवारी को हराने के लिए संघ की रणनीति
