प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही तैयारियों में जुटी हैं| इस बार चुनाव में जीत का लक्ष्य लेकर उतरी कांग्रेस ने अपनी तैयारियों को भी भाजपा से आगे रखा है| ख़बरें हैं कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने विधानसभा चुनाव के लिए संभावित नामों की पहली सूची तैयार कर ली है| इस सूची में उन 70 नेताओं के नाम हैं, जिन्हें टिकट मिलेगा| जल्द ही प्रदेश की चुनाव समिति की मुहर लगने के बाद इस सूची को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा जाएगा|
कांग्रेस की इस सूची में 2 वर्तमान विधायकों को छोड़कर सभी के नाम शामिल हैं| इस सूची में अमरवाड़ा से विधायक कमलेश शाह और सिरोंज से गोवर्धन उपाध्याय के नाम शामिल नहीं है| वैसे भी कांग्रेस संगठन कह चुका है कि अगस्त के अंतिम सप्ताह तक प्रत्याशियों के नामों की पहली सूची घोषित कर दी जाएगी|
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस संगठन में हुए सर्वे के बाद पीसीसी प्रमुख कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इन नामों पर अपनी सहमती जता दी है| 22 बिन्दुओं के आधार पर कांग्रेस में सर्वे हुआ था, जिनके आधार पर नामों का चयन किया गया है| अब एक-दो दिन में कांग्रेस की प्रदेश स्तरीय चुनाव समिति बनेगी, यह समिति इन नामों की जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को भेजेगी|
इन नेताओं को मिली तरजीह-
- जबलपुर पूर्व से लखन घनघोरिया,
- टीकमगढ़ से यादवेंद्रसिंह,
- सेमरिया से अभय मिश्र,
- सुरखी से गोविन्द सिंह राजपूत,
- नारियावली से सुरेन्द्र चौधरी,
- छतरपुर से अलोक चतुर्वेदी,
- मुलताई से सुखदेव पांसे,
- सोनकच्छ से सज्जनसिंह वर्मा,
- सांची से प्रभुराम चौधरी
- खुरई से अरुणोदय चौबे,
- भोपाल मध्य से पीसी शर्मा,
- सांवेर से तुलसी सिलावट
- और इंदौर से जीतू पटवारी के नाम शामिल किए गए हैं| हालांकि पटवारी कहां से लड़ेंगे इस पर संशय है|
पॉलिटिकल डेस्क

Comment
1 Comment
Pingback: फर्जी मतदाता की हकीकत लाएगी सामने - Talentedindia